शिमला : ननखड़ी छात्र संगठन ने रिज पर लगाया रक्तदान शिविर, 50 यूनिट रक्त किया एकत्रित
-हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा रहे मुख्य अतिथि
-बोले, छात्र संगठन बधाई का पात्र; अन्य संगठन भी लें प्रेरणा
ननखड़ी छात्र संगठन की ओर से शनिवार को रिज मैदान पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में संगठन के पदाधिकारी, सदस्य, स्थानीय लोगों सहित अन्य राज्यों से आए पर्यटकों ने भी रक्तदान किया। शिविर में 50 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव व हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। सर्दियों के दिनों में आईजीएमसी, रिपन व केएनएच अस्पतालों में खून की कमी होती है। खासकर अस्पतालों में एबी पॉजीटिव, ए पॉजीटिव, ए नेगेटिव रक्त की कमी रहती है। लोगों को रक्त के लिए चक्कर काटने पड़ते हैं। ऐसे में युवाओं ने इस शिविर को लगाने का बीड़ा उठाया, ताकि लोगों को रक्त की कमी से न जूझना पड़े।
छात्रों को नेक कार्य के लिए दी बधाई
यशवंत छाजटा ने ननखड़ी छात्र संगठन के सभी पदाधिकारियों को इस नेक कार्य के लिए बधाई दी। कहा कि छात्र संगठन का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हंै, समाज सेवा में उनका योगदान काफी अहम है। छाजटा ने कहा कि रक्तदान महादान है। युवाओं को इसमें बढ़-चढ़ कर भाग लेना चाहिए। इस तरह के कार्यक्रमों से अन्य संगठनों को भी प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने संगठन के अध्यक्ष को बधाई दी। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव यशपाल तनाईक प्रदेश सचिव राजेश वर्मा एवं जिला शहरी उपाध्यक्ष जीत राम पवार भी इस दौरान मौजूद थे। वहीं, ननखड़ी छात्र संगठन के अध्यक्ष ऋषव ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शहर के अस्पतालों में किसी को भी खून की कमी न हो, इसके लिए यह शिविर लगाया गया था।
