शिमला : स्कूल बसों में अब लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस लगाना अनिवार्य
-डिवाइस लगने से अभिभावक भी देख सकेंगे बसों की लोकेशन
हिमाचल प्रदेश में अब बिना व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस के स्कूल बसों की पासिंग नहीं होगी। परिवहन विभाग ने स्कूल बसों में वीएलटीडी लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। विभाग की ओर से इसको लेकर सभी क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों और मोटर व्हीकल निरीक्षकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। स्कूल बसों में वीएलटीडी लगने के बाद परिवहन विभाग के पास पूरी जानकारी होगी कि बस कब और कहां गई। यही नहीं वीएलटीडी लगने के बाद अभिभावक भी स्कूल बसों की लोकेशन देख सकेंगे।
बता दें कि परिवहन मंत्रालय की ओर से भी इसको लेकर आदेश जारी हुए हैं। वीएलटीडी लगाने का फैसला स्कूल बसों में सफर करने वाले छात्रों की सुरक्षा को लेकर लिया गया है। इसके जरिये आपात स्थिति में बच्चों तक तुरंत मदद पहुंचाई जा सकेगी।
