शिमला : कांग्रेस के जय भारत सत्याग्रह अभियान से जुड़ें लोग : प्रतिभा सिंह

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने प्रदेश में जय भारत सत्याग्रह अभियान में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान करते हुए कहा है कि देश मे लोकतंत्र की रक्षा के लिए लोगों को जागरूक करने की बहुत आवश्यकता है। उन्होंने कहा है कि अखिल भारतीय कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो पहल के बाद अब जय भारत सत्याग्रह को भी सफल बनाने की जिम्मेदारी कांग्रेस के सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं की है।
आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्षों की एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रतिभा सिंह ने जिला मुख्यालयों में 15 से 20 अप्रैल के मध्य इस अभियान के तहत जिलाधिकारी के कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने को कहा। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देश पर जय भारत अभियान तय सीमा में ही पूरा किया जाना है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों सहित पार्टी के सभी पदाधिकारियों व अग्रणी सगंठनों के पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में प्रबुद्ध वर्ग, सभी सहयोगी दलों के नेताओं को भी आमंत्रित किया जाना चाहिए। प्रतिभा सिंह ने कहा कि वह स्वयं भी इस अभियान में जहां संभव होगा शामिल होंगी। 20 अप्रैल को वह मंडी में इस अभियान में शिरकत करेंगी। बैठक में कांग्रेस महासचिव यशवंत छाजटा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश चौधरी, कुलदीप सिंह पठानिया, अतुल शर्मा, जितेंद्र चौधरी, शिव कुमार, उमेश नेगी, अंजना धीमान, सेस राम आजाद और आनंद परमार शामिल थे।