चाय की दुकान की आड़ में बेच रही थी नशा, शिमला पुलिस ने की गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। दरअसल पुलिस ने कुमारसेन अफीम मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है, जो चाय की दुकान की आड़ में नशे का कारोबार कर रही थी। बता दें कि हाल ही में कुमारसेन पुलिस ने 9.28 किलोग्राम अफीम बरामद की थी। इस मामले की गहराई से जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस सोलन जिले के कंडाघाट पहुंची। वहां "लक्ष्मी टी स्टॉल" चलाने वाली 46 वर्षीय लक्ष्मी को हिरासत में लिया गया। लक्ष्मी मूल रूप से नेपाल के लमजुंग जिले की रहने वाली है।
पुलिस की जांच में यह सामने आया कि लक्ष्मी एक संगठित ड्रग नेटवर्क का हिस्सा थी। वह पहले पकड़े गए तस्करों को अफीम सप्लाई करती थी और उनकी मुख्य होलसेल डीलर थी। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से 2.039 किलोग्राम अफीम भी बरामद की है। इस पूरे मामले में अब तक कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। और कुल 11.5 किलोग्राम अफीम जब्त की गई है। आरोपी महिला को कोर्ट में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। एसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि नशे के अवैध नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस की जांच लगातार जारी है।
