शिमला पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, एक ही दिन में 9 चिट्टा तस्कर गिरफ्तार
** इस साल अब तक पुलिस के शिकंजे में 1300 नशा तस्कर...
शिमला जिले में नशे के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन क्लीन के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। बीते दिन पुलिस ने एक साथ 9 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन तस्करों को रोहड़ू क्षेत्र से पकड़ा गया, जो हाल ही में खड़ापत्थर में गिरफ्तार की गई दो महिलाओं के गिरोह के सदस्य हैं। इस गिरोह में अब तक 5 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसके अलावा, पुलिस ने ठियोग थाना क्षेत्र में तीन अन्य तस्करों को गिरफ्तार किया, जिनसे 10.23 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। वहीं, सदर थाना और दो अन्य थानों के तहत भी पुलिस ने तीन लोगों को चिट्टा (हेरोइन) के साथ पकड़ा। शिमला के एसपी संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस का मुख्य लक्ष्य जिले को नशा मुक्त बनाना है। इसके लिए पुलिस युद्धस्तर पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि इस साल अब तक 1300 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है और 6.5 किलो चिट्टा व हेरोइन जब्त की गई है। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है और नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
