शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 9.17 ग्राम चिट्टा बरामद, मुख्य सप्लायर चंडीगढ़ से गिरफ्तार
शिमला पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पहले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 9.17 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया और बाद में जांच के दौरान मुख्य सप्लायर को भी पकड़ लिया।
यह मामला एफआईआर नंबर 26/26 दिनांक 15 मार्च 2026, धारा 21-61-85 एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस थाना रोहडू में दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार, 15 मार्च को पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 9.17 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान सार्थक (29) निवासी गांव समाला, तहसील रोहडू, जिला शिमला के रूप में हुई, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले की गहन जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के बैंक खातों, मोबाइल फोन और टेलीकॉम रिकॉर्ड का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि रोहडू और चिड़गांव क्षेत्र में चिट्टा तस्करी का एक संगठित गिरोह सक्रिय है। तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के आधार पर इस गिरोह के मुख्य संचालक के रूप में अमित गुप्ता (30), निवासी जिला बाराबांकी (उत्तर प्रदेश) की पहचान हुई। बताया गया कि आरोपी लखनऊ से नेटवर्क संचालित करते हुए स्थानीय युवकों के माध्यम से ‘लोकेशन बेस्ड डिलीवरी’ के जरिए नशे की सप्लाई करता था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लखनऊ भेजी गई, लेकिन वह वहां से फरार हो गया। इसके बाद लगातार प्रयास करते हुए पुलिस ने 11 अप्रैल 2026 को उसे चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर 14 अप्रैल 2026 तक का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहन जांच में जुटी हुई है।
