शिमला: प्रतिभा सिंह ने कांग्रेस सेवादल को 100 साल पूरे होने पर दी बधाई

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कांग्रेस सेवादल के 100 साल होने पर सेवादल के सभी पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा है कि सेवादल कांग्रेस का एक ऐसा अग्रणी संगठन है, जो निस्वार्थ भाव से पार्टी की सेवा के लिए सदैव सबसे आगे रहता है। प्रतिभा सिंह ने सेवादल के कार्यो की सराहना करते हुए कहा है कि कांग्रेस पार्टी के किसी भी कार्यकम में सेवादल के कार्यकर्ता एक सिपाही की तरह सभी को अनुशासन का पालन करवाते है।
गांधी जी की विचारधारा और कांग्रेस पार्टी की नीतियों का प्रचार प्रसार करने में भी सेवादल का बहुत बड़ा योगदान रहता है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के सभी युवा कार्यकर्ताओं को सेवादल के साथ जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा है कि संगठन की विचारधारा का मूल मंत्र इसी सेवादल की कक्षा से शुरू होता है और सभी को इनकी पाठशाला में अध्ययन करना चाहिए।