शिमला : तारा देवी में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अन्तर्गत कार्यक्रम का हुआ आयोजन
भारत की आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग वृत-4 शिमला द्वारा आज विश्राम गृह तारादेवी में प्रधान मंत्री ग्राम सड़क योजना के अन्तर्गत एक दिवसीय ग्रामीण सड़क कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यातिथि के रूप में हिमाचल प्रदेश कैलाश फैडरेशन के अध्यक्ष रवि मेहता शामिल हुए। इस अवसर पर रवि मेहता ने आजादी के महोत्सव अवसर पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत विभिन्न जानकारियां शिमला ग्रामीण के पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों को उपलब्ध करवाने के लिए लोक निर्माण विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपयी की दूर दृष्टि व राष्ट्र निर्माण के संकल्प को चरितार्थ करते हुए दिसम्बर 2000 में प्रधान मंत्री ग्राम सड़क योजना का शुभारम्भ किया और 2001 की जनगणना को आधार मानते हुए देशभर में सबसे पहले 500 की आबादी वाले गावों को सड़क सुविधा से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया और उसे पूर्ण करने के उपरान्त 250 की आबादी वाले गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ा गया।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार व प्रदेश सरकार द्वारा हर वर्ग के कल्याण के लिए चलाई गई विभिन्न योजनाओं का लाभ अब सीधे लोगों को मिल रहा है, जिसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम के कुशल नेतृत्व को जाता है। कार्यशाला में मुख्य अतिथि द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित हो रही शोघी-गोरो-कनौन सम्पर्क सड़क निर्माण के लिए दो बीघा जमीन दान देने वाले पजैल गांव के प्रदीप कुमार को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अधीक्षण अभियन्ता पीएमजीएसवाई राजीव शर्मा, अधीशासी अभियन्ता लोनिवि धामी वृत मान सिंह, अधिशासी अभियन्ता बागवानी इं रवी, भाजपा मण्डलाध्यक्ष दिनेश ठाकुर, पंचायत समिति टुटू की अध्यक्षा अनुराधा शर्मा, जिला परिषद की सदस्य संतोष शर्मा व प्रभा वर्मा, पंचायत समिति सदस्य आशा, सीता व प्रमोद शर्मा, महिला मोर्चा अध्यक्षा बॉबी बंसल, सहायक अभियन्ता लोनिवि धामी सर्कल नवीन कौण्डल सहित आसपास की पंचायतों के पंचायत प्रतिनिधि व 100 से अधिक ग्रामीण उपस्थित रहे।
