शिमला: सड़कें खुलेंगी तो ही आएगा राम राज्य: भाजपा
भाजपा प्रवक्ता बलवीर वर्मा और संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस के कुछ मंत्री अपने आप को अग्रिम रखने के लिए आए दिन बयानबाजी कर रहे हैं, यह बयानबाजी केवल मात्र इसलिए हो रही है कि वह हिमाचल के मुख्यमंत्री के बराबर छाप सके और दिख सके। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सर्वाधिक दिक्कत सड़कों के मामले में हैं, सड़के खुल नहीं रही हैं और प्रदेश का किसान बागवान परेशान हंै।
भाजपा का यह कहना है कि कांग्रेस पार्टी के मंत्री सड़क खोलने पर ध्यान दें, प्रदेश में राम राज्य तभी आएगा जब सड़कें खुलेंगी। भाजपा प्रवक्ताओं ने कहा कि अपने विभाग तो कांग्रेस के मंत्री संभाल नहीं पा रहे हैं, सड़कें खुल नहीं रही हैं, इससे प्रदेश की जनता परेशान है और कांग्रेस नेता राम राज्य की बात कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राम राज्य की बात तो उनको छोड़ देनी चाहिए, पहले जो सड़कें हिमाचल प्रदेश को मिली हंै उनको खोलने पर पूर्ण ध्यान देना चाहिए। केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को सड़कों की दृष्टि से हजारों करोड़ों रुपये दिए हैं, उसका इस्तेमाल कांग्रेस की वर्तमान सरकार को सड़कों को खोलने और उनकी रखरखाव के लिए करना चाहिए।
