शिमला : बीएड के पहले और तीसरे सत्र के परिणाम जल्द किए जाए घोषित-अभाविप
छात्रों की विभिन्न मांगो को लेकर अभाविप विश्वविद्यालय इकाई ने परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन सौंपा। मीडिया को जानकारी देते हुए इकाई अध्यक्ष विशाल सकलानी ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन ईआरपी प्रणाली की गुणवत्ता के लिए अपनी पीठ थपथपाने के मौके की तलाश में रहता है। प्रशाशन विश्वविद्यालय ईआरपी प्रणाली को पूरे देश भर में सर्वोत्तम कोटि का बताती है लेकिन ईआ पी प्रणाली सवालों के घेरे में तब आती है जब हम देखते है की लगातार दूसरी बार ईआरपी की टेस्टिंग के नाम पर छात्रों के गलत परिणाम घोषित किए गए हैं, गलत परिणामों को देख छात्रों को काफी तनाव का सामना करना पड़ रहा है जबकि वास्तव में घोषित किए गए परिणाम सही नहीं है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने अभी तक यूजी के छात्रों का भी अंतिम सत्र के परीक्षा परिणाम नहीं निकले है, ऐसे में पूरे प्रदेश भर में ऐसे भी छात्र है, जो पीजी के प्रवेश बाहरी राज्यो के विश्वविद्यालयों से लेना चाहते है लेकिन यूजी के परिणामों के बगैर अन्य विश्वविद्यालयों में प्रवेश ले पाना सम्भव नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बीएड के प्रथम और तृतीय सत्र के परिणामों को घोषित करने की भी मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने बीएड के लिए प्रथम सत्र की प्रवेश परीक्षाएं करवा ली है। लेकिन अभी पिछले साल के पहले और तीसरे सत्र के परिणाम घोषित नहीं किए है।
