शिमला : प्रदेश कांग्रेस ने राजीव भवन में मनाया पार्टी का 139वां स्थापना दिवस
( words)
-शिमला शहरी विस क्षेत्र के विधायक जनारथा ने फहराया पार्टी ध्वज
कांग्रेस पार्टी के 139वें स्थापना दिवस पर आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शिमला शहरी विस क्षेत्र के विधायक हरीश जनारथा ने पार्टी ध्वज फहराया। सेवादल के मुख्य संगठक अनुराग शर्मा के नेतृत्व में सेवादल की टुकड़ी ने सलामी दी और सेवादल के प्रदेश मुख्य प्रशिक्षक दीनू राही की टुकड़ी ने ध्वज बंदन की प्रक्रिया संपूर्ण की। इस दौरान पार्टी नेताओं ने कांग्रेस के स्थापना दिवस पर सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी।
पार्टी कार्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरीश जनारथा ने कहा कि कांग्रेस के कड़े संघर्ष व इसके नेताओं के बलिदान से देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस पूरे देश मे अपना 139 वां स्थापना दिवस मना रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक राजनैतिक दल ही नही एक विचारधारा है जो देश में विघटनकारी शक्तियों के खिलाफ लड़ रही है।
जनारथा ने सभा में उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि उन्हें पार्टी की मजबूती के लिए पूर्व की भांति आगे भी एकजुटता से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में अब बहुत थोड़ा समय रह गया है इसलिए इन चुनावों में पार्टी की जीत के लिए सभी को तनमन से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के भाजपा नेता झूठ बोल कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास करते है। प्रदेश में आपदा के समय इन नेताओं ने राहत कार्यो में सरकार के साथ कोई भी सहयोग नहीं किया और न ही केंद्र सरकार ने प्रदेश की कोई मदद की।
शिमला शहर के विकास कार्यों पर बोलते हुए जनारथा ने कहा कि शहर की सड़कों को चौड़ा करने के लिये मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 122 करोड़ स्वीकृति किये हैं। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह व ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह भी शिमला शहर के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार के सभी मंत्रियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार और प्रशासन पूरे तालमेल के साथ कार्य कर रही है।
वहीं, मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि आज देश में लोकतंत्र खतरे में पड़ता जा रहा है। भाजपा की जनविरोधी नीतियों व तानाशाही से लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनावों में देश मे सत्ता परिवर्तन तय है। उन्होंने कहा आगामी लोकसभा चुनावों के बाद देश की राजनीति की दिशा व दशा बदलेगी।
वहीं, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला शहर के लिये जल्द ही कोई बड़ी सौगात देंगे। उन्होंने कहा कि शिमला नगर निगम कांग्रेस पार्टी का है और शहर में विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
