शिमला : निराशाजनक रहा सांसद सुरेश कश्यप का कार्यकाल : यशपाल तनाईक
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस महासचिव यशपाल तनाईक ने कहा कि शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप का कार्यकाल निराशाजनक रहा है। वे सांसद को खुली चुनौती देते हैं कि कश्यप अपने 5 वर्ष के कार्यकाल की एक भी ऐसी उपलब्धि बता दें, जिससे पूरे क्षेत्र को कोई लाभ पहुंचा हो। केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार होने के बावजूद भी सांसद राष्ट्रीय उच्च मार्ग, जोकि केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी द्वारा घोषित किए गए थे, उनकी स्वीकृतियां लेने में पूरी तरह असफल रहे। सांसद अपने संसदीय क्षेत्र में कोई स्वास्थ्य सुधार नहीं करवा पाए।
पूर्व सरकार के समय अपने दल के प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए भी सरकार से अपने क्षेत्र में बेरोजगार युवाओं के लिए कोई रोजगार की योजना नहीं ले पाद। शिमला जिला के दुर्गम क्षेत्र डोडरा कंवार व चौपाल क्षेत्र के सुदूरवर्ती इलाके नेवल किरण, कुपवी तहसील को जनजाति क्षेत्र में शामिल करवाने में इन्होंने कोई रूचि नहीं दिखाई, वहीं सिरमौर जिला के लोगों को भी अभी तक इसकी सही अधिसूचना जारी न करके इसका लाभ लेने से लोगों को वंचित रखा है।
यशपाल तनाईक ने कहा कि सुरेश कश्यप शिमला संसदीय क्षेत्र के अब तक के सबसे निष्क्रिय सांसद साबित हुए हैं, जिन्होंने न तो कोई गंभीर विषय संसद के भीतर उठाया और न ही लोगों की समस्या को गंभीरता से लिया, जिसका सबक इन्हें क्षेत्र की जनता आने वाले लोकसभा चुनाव में सिखाएगी।
