शिमला : गुगा घाट स्कूल के बच्चों ने विस अध्यक्ष कुलदीप पठानिया से की मुलाकात
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुगा घाट, सोलन के छात्र-छात्राओं ने आज सदन की कार्यवाही देखने से पूर्व विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से मुलाकात की। इस दौरान छात्रों ने विधानसभा अध्यक्ष से आज होने वाली कार्यवाही के बारे पूछा तथा संसदीय प्रणाली की जानकारी ली। इस अवसर पर पठानिया ने छात्र-छात्रओं को अपनी शुभकामनायें देते हुए कहा कि लोकसभा तथा विधानसभा एक ऐसे मंच हैं, जहां देश व प्रदेश का कानुन बनाया जाता है। यहां विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होती है। उन्होंने कहा कि सार्थक चर्चा के माध्यम से हर प्रश्न का हल निकलता है तथा विधायक अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करते हैं। पठानिया ने छात्र-छात्राओं से लोकतांत्रिक प्रणाली को गहनता से अध्ययन करने का आग्रह किया।
