शिमला : शिमला नगर निगम चुनाव में प्रचंड जीत का श्रेय मुख्यमंत्री को : रजनीश किमटा

प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री रजनीश किमटा ने कहा है कि शिमला नगर निगम चुनावों में प्रचंड जीत का श्रेय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व को ही जाता है, क्योंकि उनके मार्गदर्शन में पहले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने शानदार जीत हासिल की और उसके बाद 10 सालों बाद शिमला नगर निगम में कांग्रेस ने पूर्ण बहुमत के साथ अपनी जीत का परचम लहराया। किमटा ने आज यहां कहा कि प्रदेश से कांग्रेस की जीत का सिलसिला अब दक्षिण भारत में प्रवेश कर चुका है, जो जल्द ही अन्यों राज्यों से होता हुआ नई दिल्ली की सत्ता तक पहुंचेगा। उन्होंने इसके लिये कांग्रेस नेतृत्व और पार्टी कार्यकर्ताओं का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि कुशल नेतृत्व और पार्टी कार्यकर्ताओं की एकजुटता से यह सब संभव हो सका है।
किमटा ने कहा कि प्रदेश में पहली बार किसी ऐसे नेता को प्रदेश की बागडोर सौंपी गई है, जो जमनी स्तर से उठकर आज इस मुकाम पर पहुंचा है। शिमला नगर निगम से पार्षद से जिस व्यक्ति का राजनीतिक सफर शुरू हुआ हो वह लोगों की जमनी समस्याओं को भली भांति समझता हैं। यही बजह है कि सुखविंदर सिंह सुक्खू ने टीसीपी के तहत आने वाले लोगों के घरों की छतों, एटिक की ऊंचाई बढ़ाने का निर्णय लेकर लोगों को एक बड़ी राहत दी हैं। लोगों की आवासीय समस्याओं को दूर करने की दिशा में प्रदेश कांग्रेस सरकार का यह एक बहुत ही बड़ा सराहनीय व ऐतिहासिक कदम है।
किमटा ने प्रदेश में कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन बहाल करने के निर्णय को भी कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण गारंटी को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा है कि विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने जो भी अपनी गारंटी लोगों को दी है, उसे कांग्रेस सरकार चरणबद्ध तरीके से हर हाल में पूरा करेगी।