शिमला : प्रदेश कांग्रेस में नहीं तालमेल, तभी तो दिल्ली बुलाए कांग्रेस नेता : जयराम ठाकुर
( words)
-पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस पर साधा निशाना
-कहा, सुक्खू सरकार ने एक साल में नहीं किया कोई काम
-दिल्ली में परफॉर्मेंस को लेकर भी उठे सवाल
हिमाचल प्रदेश भाजपा के कार्यालय दीप कमल में आज संयुक्त किसान मोर्चा का गठन किया गया। गठन के बाद एक बैठक भी हुई। इसमें प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल शामिल हुए। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस के नेताओं में आपसी तालमेल नहीं है और यह बात अब जग जाहिर हो गई है। इसी के चलते उन्हें दिल्ली बुलाया गया है। वहीं, प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने एक साल में कोई काम नहीं किया है, ऐसे में सरकार की परफॉर्मेंस को लेकर भी दिल्ली में चर्चा हुई है।
लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा पूरी तरह से तैयार
जयराम ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर बीजेपी पूरी तरह से तैयार है। प्रदेश अध्यक्ष अभी विभिन्न संगठनों के साथ बैठक कर रहे हैं। आज किसान मोर्चा के नए स्वरूप बनने के बाद यह पहली बैठक है। उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की जा रही है और आने वाले लोकसभा चुनाव में प्रदेश की चारों की चारों सीटों पर बीजेपी की जीत होगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के कांग्रेस नेताओं को दिल्ली बुलाया गया । सरकार की परफॉर्मेंस को लेकर भी दिल्ली में चर्चा हुई, लेकिन इसका जिक्र कांग्रेस के नेता नहीं करेंगे।
केंद्र से मदद मिलने के बाद भी कांग्रेस इसे मुद्दा बना रही
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, लिहाजा केंद्र सरकार के लगातार मदद करने के बाद भी कांग्रेस केंद्र से मदद ना मिलने को मुद्दा बना रही है। इसको मुद्दा बनाकर कांग्रेस चुनाव लड़ने का प्रयास कर रही है, लेकिन केंद्र में फिर एक बार बीजेपी अपने दम पर सरकार बनाने जा रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल की चारों सीटों पर 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव की भांति बीजेपी की जीत होगी।
बिंदल बोले, जल्द होगी आठों मोर्चा की बैठक
प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आने वाले चुनाव को लेकर आज किसान मोर्चा का नया स्वरूप बनने के बाद पहली बैठक है। राजीव बिंदल ने कहा कि जल्द ही बीजेपी के आठों मोर्चों की बैठक भी हिमाचल प्रदेश के अंदर की जाएगी। जिसमें भाजयुमो, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, ट्राइबल मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, ओबीसी मोर्चा और आईटी सोशल मीडिया मोर्चा संयुक्त रूप से जुटेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर इस बैठक में रणनीति तैयार की जाएगी।