शिमला: आपदा जोखिम न्यूनीकरण पर वेबिनार 19 दिसंबर को
वर्तमान मानसून में आई आपदा के दौरान राज्य में आवास क्षेत्र को भारी नुकसान पहुंचा है और राज्य सरकार ने राहत एवं पुनर्वास उपायों के लिए विभिन्न पहल की हैं। सरकार द्वारा पुनर्निर्माण प्रक्रिया में 'बिल्ड बैक बैटर' का पालन करने के लिए आपदा जोखिम न्यूनीकरण पर संयुक्त राष्ट्र फ्रेमवर्क द्वारा सुझाई गई रणनीतियों को ग्रामीण निर्माण के सभी स्तरों पर अपनाया जा रहा है।
सरकार के विभिन्न अंगों विशेषकर ग्रामीण विकास विभाग के पास उपलब्ध तकनीकी विशेषज्ञता को संवेदनशील बनाने के लिए विभाग के इंजीनियरिंग विंग के लिए 19 दिसंबर को प्रात: 11 बजे से एक वेबिनार का आयोजन किया जा रहा है।
निदेशक-सह-विशेष सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, डीसी राणा ने बताया कि इसमें सभी विकास खंड स्तर पर प्रतिभागियों को भविष्य की आपदाओं के दृष्टिगत लोगों और समुदायों के लिए जोखिम को कम करने के उद्देश्य से 'बिल्ड बैक बैटर' रणनीतियों के अनुरूप पुनर्निर्माण कार्य के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षित निर्माण प्रथाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा।
