शिमला : आईएएस कैप्टन जे.एम.पठानिया को निदेशक वित्त के पद पर नियुक्ति का किया स्वागत
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन ने प्रदेश सरकार द्वारा आईएएस कैप्टन जे.एम.पठानिया को बिजली बोर्ड लिमिटिड में निदेशक वित्त के पद पर नियुक्ति प्रदान करने के निर्णय का स्वागत किया है। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह खरवाड़ा ने जारी प्रैस बयान में कहा कि कैप्टन जे.एम.पठानिया पहले भी थोड़े समय के लिए बिजली बोर्ड लिमिटिड के निदेशक वित्त के पद पर रहे हैं। निदेशक वित के पद पर रहते हुए उन्होंने बिजली बोर्ड लिमिटिड में भ्रष्टाचार से संलिप्त अधिकारियों पर शिकंजा कसने की प्रक्रिया शुरू की थी लेकिन कैप्टन जे.एम.पठानिया का बिजली बोर्ड लिमिटिड से स्थानातंरण होने के बाद यह प्रक्रिया वहीं रूक गई थी।
खरवाड़ा ने कहा कि कैप्टन जे.एम. पठानिया विद्युत बोर्ड लिमिटिड के पहले निदेशक वित रहे हैं जिन्होंने 12 मार्च 2021 को सर्कल हमीरपुर के सैंटर स्टोर में अपनी पूरी टीम के साथ दौरा कर निरीक्षण किया था कि वहां पर बिना डिमांड के खरीदी गई करोड़ों रूप्ये की केबल और अन्य सामान सड़ रहा था और वहां पर बोर्ड द्वारा खरीदे गए घटिया किस्म के जी.ओ स्विचज़ भी पड़े थे जो की इस्तेमाल करने लायक नहीं थे। कैप्टन जे.एम. पठानिया ने निरीक्षण करके जो रिपोर्ट तैयार की थी उस रिपोर्ट पर न तो कोई कार्यवाही हुई है और न ही फाईल बोर्ड में मिल रही है। खरवाड़ा ने कहा कि ऐसा करोड़ों रूप्या का सामान पूरे हिमाचल प्रदेश के बिजली बोर्ड के स्टोरों में सड़ रहा है। लेकिन इनकी खरीददारी करने वाले अधिकारियों को कोई नहीं पूछ रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली बोर्ड लिमिटिड द्वारा लगभग 2 करोड़ रूपये की रकम के खरीदे गए घटिया किस्म के जी.ओ स्विचज की बिजली बोर्ड लिमिटिड द्वारा गुजरात बड़ोदरा की कम्पनी इलैक्ट्रीकल रिसर्च एण्ड डिवेलपमैंट एसोशिएसन से जांच भी करवाई गई, जांच में जी.ओ स्विचज का सैंपल फेल हो गया। इसकी रिपोर्ट उक्त कम्पनी द्वारा 28 अगस्त 2021 को बिजली बोर्ड लिमिटिड को सौंपी जा चुकी है और जांच करवाने पर बिजली बोर्ड लिमिटिड का एक लाख 45 हजार 875 रूपये खर्चा हुआ है लेकिन ऐसी घटिया किस्म की खरीददारी करने वाले अधिकारियों पर आज तक कोई कार्यवाही न हो पाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
खरवाड़ा ने कहा कि कैप्टन जे.एम. पठानिया का बोर्ड में आने से भ्रष्टाचारियों पर शिकंजा कसेगा और आर्थिक तौर पर दिवालिया हो रहे बिजली बोर्ड लिमिटिड को आर्थिक तौर से मजबूती मिलेगी। खरवाड़ा ने कहा कि कैप्टन जे.एम. पठानिया ने टर्नकी के नाम पर हो रहे बड़े घोटालों को रोकने की दिशा में भी प्रक्रिया शुरू की थी वह भी उनके आने से निश्चित तौर पर आगे बढ़ेगी।
