शिमला : प्रदेश के सभी वन मंडलों में स्थापित होंगे जायका के आउटलेट
-मुख्य परियोजना निदेशक नागेश कुमार गुलेरिया ने दी जानकारी
-जल्द ही हिमाचल में एक्पोजर विजिट पर आएगी श्रीलंका की टीम
जायका वानिकी परियोजना अब प्रदेश के सभी वन मंडलों में आउटलेट स्थापित करेगा। वर्तमान में राज्य के नौ स्थानों पर आउटलैट स्क्रीय रूप से संचालित हैं, जहां पर स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की बिक्री हो रही है। इस बात की जानकारी जायका वानिकी परियोजना के मुख्य परियोजना निदेशक नागेश कुमार गुलेरिया ने दी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में प्रदेश के सभी वन मंडलों में आउटलेट खोले जाएंगे।
उन्होंने कहा कि हाल ही में जोगिंद्रनगर और पालमपुर के गोपालपुर में आउटलेट का शुभारंभ किया गया। नागेश कुमार गुलेरिया ने कहा कि जायका वानिकी परियोजना के तहत हिमाचल में हो रहे कार्यों को देख अब पड़ोसी देश श्रीलंका भी आजीविका कमाने के गुर सीखेगा। हाल ही में तीन दिवसीय हिमाचल दौरे पर आई श्रीलंका जायका और जायका इंडिया की प्रतिनिधियों ने हिमाचल प्रदेश में जाइका वानिकी के तहत हो रहे कार्यों की जमकर सराहना की। ऐसे में अब जायका वानिकी हिमाचल के प्रोजेक्ट मॉडल को श्रीलंका भी फॉलो करेगा। आने वाले समय में श्रीलंका जाइका की टीम हिमाचल में एक्पोजर विजिट पर भी आएगी। नागेश कुमार गुलेरिया ने कहा कि हाल ही में जायका श्रीलंका की प्रतिनिधि एवं जेंडर एक्पर्ट नाकाजीमा और जाइका इंडिया की प्रतिनिधि इनागाकी ने हिमाचल में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा आजीविका कमाने के हौसले की सराहना की।
