शिमला: 30.700 ग्राम चिट्टा के साथ 2 गिरफ्तार, HRTC बस में ले जा रहे थे नशा
नशे के खिलाफ चलाए अभियान के तहत शिमला में 2 युवकों को 30.700 ग्राम चिट्टा के ससथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार बालूगंज पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एचआरटीसी (HRTC) बस में सफर कर रहे दो युवकों को भारी मात्रा में चिट्टे के साथ दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल (जुब्बल) और विशाल वर्मा (ठियोग) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि शिमला-रोहड़ू रूट की बस में दो युवक नशीले पदार्थ की खेप ले जा रहे हैं। बिना समय गंवाए पुलिस टीम ने आईएसबीटी (ISBT) शिमला में मोर्चा संभाला और बस के रुकते ही तलाशी शुरू की। बस की आखिरी सीटों पर बैठे इन दोनों युवकों की जब गहन जांच की गई, तो उनके कब्जे से 30.700 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस अब इन दोनों आरोपियों के नेटवर्क को खंगाल रही है। जांच का मुख्य केंद्र यह है कि नशे की यह खेप कहां से खरीदी गई थी और शिमला के किन इलाकों में इसकी सप्लाई होनी थी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान चिट्टा माफिया से जुड़े बड़े नामों का खुलासा हो सकता है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बालूगंज थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
