अफगानिस्तान में फसे हिमाचल के युवकों को भारत लाने की जल्द की जाए व्यवस्था - निगम भंडारी
हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी ने अफगानीस्तान में फसे हिमाचल के दो युवकों को वापिस भारत लाने के लिए केन्द्रीय विदेश मंत्री सुब्रमण्यम जय शंकर और प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को पत्र लिखा है। नेगी निगम भंडारी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश मंडी जिला के सरकाघाट के दो युवक अफगानिस्तान के काबूल में फसें हैं। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान में चल रहे गृह युद्ध के कारण वहाॅ हमारे प्रदेश के दो युवक नवीन ठाकुर, उम्र 36 वर्ष, पुत्र मान सिंह, वार्ड नंबर 2, सरकाघाट और राहुल बुराड़ी, पुत्र बलवंत बुराड़ी, रोपा कालोनी, सरकाघाट, जिला मंडी दहशत भरे माहौल में फसे हुए हैं। नेगी निगम भंडारी ने कहा कि दोनों के परिवारजन अपने युवकों की सुरक्षा को लेकर घबराए हुए है। परिवारजन उन्हें सुरक्षित घर वापसी की लगातार मदद की गुहार लगा रहे है। उन्होंने कहा कि अभी तक कोई भी सरकारी नुमाइंदा उनकी बात सुनने और जानने के लिए नही पहुॅंचा है। नेगी निगम भंडारी ने केन्द्र व प्रदेश सरकार से मांग की है कि हिमाचल प्रदेश के इन दोनों युवकों को अफगानिस्तान से भारत लाने की जल्द से जल्द व्यवस्था की जाए ताकि उन्हें और उनके परिवारों को राहत मिल सके।
