शिमला: 1.811 किलो चरस के साथ एक गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
हिमाचल प्रदेश में चलाए नशा विरोधी अभियान के तहत पुलिस थाना चौपाल की टीम ने एक व्यक्ति के कब्जे से 1.811 किलोग्राम चरस बरामद की है। जानकारी के अनुसार दिनांक 09.02.2026 को पुलिस थाना चौपाल की टीम गश्त पर थी इस दौरान पुलिस टीम ने एक आरोपी को 1.811 किलोग्राम चरस के साथ हिरासत में लिया। आरोपी की पहचान चंदन बुधा (50) पुत्र नर बहादुर स्थायी निवासी नेपाल वर्तमान में गांव पुजारली, डाकघर बमटा तहसील चौपाल, जिला शिमला (हि.प्र.) के रूप में हुई है।
पुलिस थाना चौपाल में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह नशा कहां से लाया था और किसे सप्लाई करने वाला था। आरोपी को कानून के अनुसार गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
