शिमला: मटर के दाम में उछाल, सेब से महंगा बिक रहा मटर

राजधानी शिमला में सेब से महंगा मटर बिक रहा है। मटर के दाम 200 रुपए प्रति किलो पार हो गए हैं, जबकि गत वर्ष मटर अधिकतम 190 रुपए प्रति किलो बिका था। हालांकि इस बार अभी मटर की क्वालिटी भी उतनी अच्छी नहीं है। मटर के अधिक दाम होने का कारण पैदावार कम होना है। बुधवार को ढली मंडी में ठियोग क्षेत्र से मटर की खेप पहुंची थी।
यह मटर थोक में 205 रुपए प्रति किलो बिका। इससे सब्जी उत्पादकों को लाभ हुआ है, जबकि सेब को अच्छे दाम नहीं मिल रहे हैं। सेब 500 से 1600 रुपए पेटी बिका है। इससे बागवानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। राज्य में इस बार भारी व लगातार बारिश ने जहां तबाही मचाई है, वहीं किसानों व बागवानों को भी नुकसान उठाना पड़ा है। भारी बारिश के कारण किसानों की सब्जी तबाह हो गई है। इससे मंडी में बहुत ही कम सब्जी पहुंच रही है। कई दिनों के बाद शुक्रवार को ढली मंडी में मटर पहुंचा। बहुत अच्छी क्वालिटी का न होने के बावजूद मटर 205 रुपए प्रति किलो की दर से बिका। इसके अलावा फ्रासबीन 50 से 60 रुपए प्रति किलो, शिमला मिर्च 55 से 60 रुपए प्रति किलो और बंद गोभी 25 से 26 रुपए प्रति किलो बिकी।
ढली मंडी के आढ़ती नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि इस बार मटर 200 के पार चला गया है। जब मटर का सीजन रफ्तार पकड़ेगा तो इसके दाम 300 रुपए प्रति किलो तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारी बारिश व बाढ़ के कारण सब्जियों को नुकसान हुआ है। इस वर्ष ढली मंडी में गत वर्ष की तुलना में 40 से 60 फीसदी कम सब्जियां पहुंची हैं।