शिमला: फिरौती व लूट की कोशिश मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
शिमला में फिरौती और लूटपाट के प्रयास के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला 20-03-2026 को शिकायतकर्ता आर्यन चौहान की शिकायत पर दर्ज किया गया था, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि तारापुर सड़क पर तीन संदिग्धों ने गाड़ी (HP 58A-1965) से उतरकर उनके साथ वारदात को अंजाम देने की कोशिश की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसमें सामने आया कि आरोपियों ने उक्त गाड़ी का इस्तेमाल किया था, जिसे उसी दिन मशोबरा क्षेत्र से बरामद कर लिया गया। जांच में यह भी पाया गया कि गाड़ी के चेसिस नंबर, इंजन नंबर सहित पहचान के सभी निशान मिटा दिए गए थे और नंबर प्लेट भी फर्जी थी। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर 23-03-2026 को चरणजीत सिंह (48) और ताशी नेगी (45) को गिरफ्तार किया। मामले में आगे की जांच जारी है।
