शिमला: 268 ग्राम चरस के साथ दो गिरफ्तार, उत्तराखंड के निवासी थे आरोपी
शिमला के फेडजीपुल में नियमित जांच के दौरान दो आरोपियों से 268 ग्राम चरस बरामद की गई। सोमवार को पुलिस स्टाफ फेडजीपुल में नियमित जांच के लिए नाका लगाए हुए थे। जांच के दौरान एक उत्तराखंड की स्कूटी नंबर फेडजीपुल की तरफ से आती हुई दिखाई दी। पुलिस को देखकर स्कूटी पर सवार दोनों व्यक्ति गुम्मा की तरफ भागने लगे, लेकिन पुलिस द्वारा उनका पीछा कर गुम्मा के पास दोनों को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 268 ग्राम चरस बरामद हुई।
आरोपियों की पहचान सूरज रावत, पुत्र वीर सिंह, निवासी गांव धोतरी उडरी, तहसील डुंडा, जिला उत्तरकाशी, उत्तराखंड तथा शिवम रावत, पुत्र संतान सिंह रावत, निवासी मकान नंबर 73, गुरु रोड़, न्यू बस्ती, पटेल नगर, देहरादून, उत्तराखंड के रूप में हुई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच में पाया गया कि ये दोनों आरोपी उत्तराखंड से चरस की खेप लाकर स्थानीय युवाओं को बेचने की फिराक में थे। मामले में आगामी जांच जारी है।
