शूलिनी यूनिवर्सिटी और एंटियर सॉल्यूशंस के बीच एआई, ब्लॉकचेन नवाचार को बढ़ावा देने हेतु हुआ समझौता
शूलिनी विश्वविद्यालय और एंटियर सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), लार्ज लैंग्वेज मॉडल्स (एलएलएम), ब्लॉकचेन तथा शिक्षा-आधारित नवाचार के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस एमओयू पर शूलिनी विश्वविद्यालय में नवाचार और एआई के अध्यक्ष तथा योगानंद स्कूल ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कंप्यूटर और डेटा साइंस के निदेशक प्रोफेसर आशीष खोसला और एंटियर सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने हस्ताक्षर किए।
यह साझेदारी उद्योग और शिक्षा जगत के बीच मजबूत सेतु स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। इस सहयोग के अंतर्गत एआई, एलएलएम, ब्लॉकचेन और संबंधित तकनीकों पर संयुक्त परियोजनाएं संचालित की जाएंगी। साथ ही छात्रों के लिए इंटर्नशिप, प्लेसमेंट अवसर, कार्यशालाएं, सेमिनार और भविष्य की अनुसंधान पहलें भी इस समझौते का हिस्सा होंगी। एमओयू पांच वर्षों तक प्रभावी रहेगा और भविष्य में आपसी सहमति से विशेष परियोजनाओं तथा नवाचार-आधारित कार्यक्रमों तक विस्तारित किया जा सकेगा।
हस्ताक्षर समारोह के दौरान प्रोफेसर आशीष खोसला ने कहा कि शूलिनी विश्वविद्यालय का मानना है कि शिक्षा का भविष्य अकादमिक उत्कृष्टता और वास्तविक दुनिया के तकनीकी नवाचार के संगम में निहित है। उन्होंने कहा कि एंटियर सॉल्यूशंस के साथ यह सहयोग छात्रों और शिक्षकों को अत्याधुनिक तकनीकों से जोड़ने के साथ-साथ अनुसंधान, नवाचार और करियर विकास के नए अवसर प्रदान करेगा।
वहीं, एंटियर सॉल्यूशंस के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने कहा, यह साझेदारी उद्योग के व्यावहारिक अनुभव को अकादमिक अनुसंधान के करीब लाने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने शूलिनी विश्वविद्यालय की अनुसंधान, जैव प्रौद्योगिकी और स्वदेशी एलएलएम के क्षेत्र में हो रही प्रगति की सराहना करते हुए कहा, यह सहयोग संयुक्त नवाचार, व्यावहारिक शिक्षा और भविष्य में बौद्धिक संपदा विकास के नए अवसर पैदा करेगा।
