सिरमौर : भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने सुक्खू सरकार पर लगाए हाटी समुदाय के साथ भेदभाव के आरोप
** बोले, हाटियों को एसटी के तहत मिलने वाले फायदों में अड़ंगा अड़ा रही कांग्रेस सरकार
** संगड़ाह में जनसंपर्क अभियान व मोदी सरकार की योजनाओं की दी जानकारी
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अनिल ढकोग ने वीरवार को संगड़ाह में मोर्चा की मंडल इकाई की बैठक ली। बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं एवं बूथ स्तर पर चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान के बारे में बताया गया।
मोर्चा राज्य अध्यक्ष अनिल ढकोग ने कहा कि मोदी सरकार ने जहां हाटी समुदाय की 55 साल पुरानी अनुसूचित जनजाति दर्जे की मांग को पूरा कर अपना वादा निभाया तो दूसरी ओर हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही हाटियों को एसटी के तहत मिलने वाले फायदों में अड़ंगा लगाने की पुरजोर कोशिश की।
ढकोग न कहा कि प्रदेश व देश में दशकों तक राज करने वाली कांग्रेस चाहती तो गिरिपार को सालोंं पहले जनजातीय दर्जा मिल गया होता। लेकिन इस पार्टी द्वारा अब भी हाटी जनजाति के संवैधानिक हक छीनने की कोशिश की जा रही है।