सिरमौर : प्रियंका गांधी से मिला एनपीएस कर्मचारी संघ का प्रतिनिधिमंडल
हिमाचल प्रदेश नई पेंशन योजना कर्मचारी संघ का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर के नेतृत्व में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, राष्ट्रीय कांग्रेस राज्य अध्यक्ष प्रतिभा सिंह एवं अन्य मंत्रियों की उपस्थिति में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की महासचिव प्रियंका वाड्रा गांधी से मिला तथा पुरानी पेंशन योजना बहाली के लिए उनके सक्रिय सहयोग हेतु आभार व्यक्त किया। एनपीसी कर्मचारी संघ पुरानी पेंशन बहाली के बाद अत्यंत हर्षित है। संघ पुराणी पेंशन योजना बहाली हेतु मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री एवं उनके मंत्रिमंडल के सम्मान में 28 मई को धर्मशाला में ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व आभार समारोह का आयोजन कर रहा है।
गौरतलब है कि जब नई पेंशन योजना कर्मचारी संघ वर्ष 2022 में निरंतर संघर्ष कर रहा था तो प्रियंका गांधी स्वयं सोलन मे क्रमिक अनशन पर बैठे कर्मचारियों के मंच पर गई और वहीं उन्होंने अपनी 10 गारंटियों में सबसे पहले पुरानी पेंशन योजना की गारंटी दी थी तथा कर्मचारियों को आश्वस्त किया था कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है तो पहली ही कैबिनेट में पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाएगी और हुआ भी वही। प्रदीप ठाकुर के साथ महासचिव भरत शर्मा राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष सर्वज्ञ जिला सिरमौर अध्यक्ष सुरेंद्र पुंडीर शिमला जिला अध्यक्ष कुशाल शर्मा, कांगड़ा जिला अध्यक्ष राजेंद्र मन्हास,चंबा जिला अध्यक्ष सुनील जरयाल, महिला राज्य महासचिव पूजा सबरवाल, राजूराम शर्मा, रामलाल सूर्याआदि मिले। सिरमौर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पुंडीर ने सभी कर्मचारियों से निवेदन किया है कि वे सपरिवार हजारों की संख्या में 28 मई को धर्मशाला में आयोजित होने वाले समारोह में भाग लें।