सिरमौर : संगड़ाह के जामल में रिहायशी मकान पर गिरी आसमानी बिजली
** डेढ़ लाख की नकदी व 2 लाख के गहनों सहित सारा सामान जलकर राख
** घटना में बाल-बाल बचीं घर पर मौजूद 2 महिलाएं
संगड़ाह की नौहराधार तहसील की गवाही पंचायत के जामल गांव में आसमानी बिजली गिरने से राम लाल शर्मा का मकान जलकर राख हो गया। घटना में करीब 2 लाख के गहने, डेढ़ लाख की नकदी और घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार प्रभावित राम लाल शर्मा का परिवार अपने रिश्तेदार के घर शादी समारोह में गया हुआ था और घर में केवल उनकी बहन दया देवी व भांजी थीं। शाम को अचानक साथ लगते कमरे में जोरदार धमाका हुआ और आग की लपटें उठीं। समय रहते दोनों रसोई से बाहर निकल गई, जिस कारण दोनों की जान बच गई, हालांकि हादसे में दया देवी आंशिक रूप से घायल हो गई हैं।
आग की लपटों को देखकर गांव वाले भी मौके पर पहुंचे, मगर आग इतनी तेजी से फैली कि सब कुछ राख हो गया। वहीं, स्थानीय पंचायत की प्रधान सीमा धीमान ने बताया कि रविवार को पटवारी द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की गई है। अब तक प्रशासन की ओर से कोई तुरंत राहत नहीं मिली है। उन्होंने जिला प्रशासन व प्रदेश सरकार से प्रभावित परिवार की जल्द से जल्द मदद करने की अपील की है।