सिरमौर : विस्थापितों की मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा संघर्ष : प्रताप सिंह तोमर
श्री रेणुका बांध जन संघर्ष उप समिति सियूं की बैठक संघर्ष समिति के फाउंडर मेंबर प्रताप सिंह तोमर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सियूं कांडवा, कुंटी गांव के दर्जनों विस्थापित लोगों ने भाग लिया। इसमें संघर्ष समिति के अध्यक्ष योगेंद्र कपिला विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए प्रताप सिंह तोमर ने कहा कि जब तक विस्थापितों की मांगों को नहीं माना जाएगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने हैरानी व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों में बांध प्रबंधन यह निर्धारित नहीं कर पाया कि कितने परिवार भूमिहीन होने हैं तथा कितने परिवारों को बांध प्रबंधन द्वारा घर दिए जाने हैं।
वहीँ समिति के अध्यक्ष योगेंद्र कपिला ने कहा कि बांध प्रबंधन एवं जिला प्रशासन विस्थापितों की समस्याओं को लेकर निष्क्रिय दिखाई दे रहा है। विस्थापितों की समस्याओं को सुलझाने के स्थान पर उन्हें मात्र आश्वासन देकर चलता किया जा रहा है, जिस कारण विस्थापितों को मजबूरन बांध प्रबंधन के विरोध में उतरना पड़ रहा है। यदि बांध प्रबंधन उनकी मांगों को पूरा नहीं करता है तो एक बार फिर से संघर्ष समिति धरने प्रदर्शन पर उतारू हो जाएगी।
