सोलन : होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज कुमारहट्टी में छह दिवसीय कार्यशाला शुरू
होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, कुमारहट्टी में छह दिवसीय "सीएमई-कंटिन्यूयिंग मेडिकल एजुकेशन" कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। इस कार्यशाला का शुभारंभ अटल मेडिकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी, नेरचौक, मंडी के उप-कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) सुरेंद्र कश्यप ने किया। अगले 6 दिनों तक चलने वाली इस कार्यशाला में देश के पंद्रह राज्यों से होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेजों के प्राध्यापक भाग ले रहे हैं। यह सीएमई कार्यशाला भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ नई दिल्ली द्वारा प्रायोजित एवं वित्त पोषित है। राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ आयुष चिकित्सा शिक्षा में नए शोध एवं शिक्षकों के अध्यापन कौशल को निरंतर निखारने के लिए देशभर में इस तरह की कार्यशाला का आयोजन करवा रहा है।
मुख्यातिथि डॉ सुरेंद्र कश्यप ने इस कार्यशाला के प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि सतत चिकित्सा शिक्षा समय की मांग है और हम सभी को अपने अपने कौशल को निखारने के लिए हमेशा इस तरह के कार्यक्रमों की जरूरत है। सीएमई के प्रथम सत्र में डॉ पंकज अग्रवाल ने सर्जिकल बीमारियों में होम्योपैथिक दवाइयों की कारगरता पर प्रकाश डाला इसी प्रकार सीएमई के द्वितीय सत्र में डॉ बरेंद्र शर्मा ने मानसिक रोगों के उपचार में होम्योपैथिक दवाइयों की कारगरता विषय पर अपनेविचार रखें। इस अवसर पर कॉलेज के ट्रस्टी कैप्टन संजय सिन्हा एवं कैप्टन सुरेश परमेश्वरम विशेष रूप से उपस्थित रहे।
