सोलन: IEC विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस पर खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, हुआ भव्य आयोजन
आईईसी विश्वविद्यालय में 25 अगस्त को मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में सोलन के जिला खेल अधिकारी भूपेंद्र वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर खेल महोत्सव का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं के जीवन में खेल भावना, शारीरिक फिटनेस और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला।
खेल महोत्सव के दौरान 100 मीटर दौड़, बैडमिंटन, क्रॉस कंट्री रेस, वॉलीबॉल और रस्साकशी सहित विभिन्न रोमांचक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विश्वविद्यालय के सभी विभागों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर आईईसी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. प्रल्हाद गुप्ता सहित शिक्षक एवं गैर-शिक्षक वर्ग के सदस्य उपस्थित रहे और उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता आईईसी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अशोक पुरी ने की। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में डॉ. अशोक पुरी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास करते हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय की खेल समिति, आयोजकों, शिक्षकों एवं सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।
