महा जनसंपर्क अभियान के तहत साढ़े 9 लाख लोगों से संपर्क करेगी भाजपा : बिंदल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि 30 मई को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार अपने गौरवमयी एवं उपलब्धियों भरे 9 वर्षों का कार्यकाल पूर्ण कर रही है। 30 मई से 30 जून तक हिमाचल भाजपा संगठन द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देशानुसार लोकसभा क्षेत्र, विधानसभा क्षेत्र, जिला एवं बूथ स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस महा जनसंपर्क अभियान के तहत 9 लाख 54 हजार से अधिक लोगों से संपर्क किया जाएगा।
इस अभियान के अंतर्गत पूरे प्रदेश में व्यापक जनसंपर्क, लाभार्थी संपर्क, समाज के विभिन्न वर्गों से संपर्क जैसे लोकसभा, विधान सभा एवं बूथ स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे, जिनके माध्यम से 'मोदी सरकार' की 9 वर्षों की नीतियों एव उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम को धरातल तक पहुंचाने के लिए प्रदेश, जिला एवं मंडलों की कार्यसमिति बैठकें हो चुकी हैं जिनमें इस महाभियान की सफलता हेतु कार्ययोजना बनाई गई है। इस अभियान के सफल संचालन हेतु प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर पर अभियान समितियां गठित की गई हैं।