सोलन: शूलिनी विश्वविद्यालय में ‘सैंटर ऑफ एक्सीलेंस फाॅर डायरेक्ट सैलिंग इन एकेडमिक्स’ का हुआ शुभारम्भ
हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मन्त्री गोविन्द सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार रोज़गारोन्मुखी शिक्षा प्रदान करने पर बल दे रही है तथा इस दिशा में शूलिनी विश्वविद्यालय सोलन द्वारा स्थापित ‘सैंटर ऑफ एक्सीलेंस फाॅर डायरेक्ट सैलिंग इन एकेडमिक्स’ विशेष रूप से लाभदायक सिद्ध होगा। गोविन्द सिंह ठाकुर आज सोलन के शूलिनी विश्वविद्यालय में ‘सैंटर ऑफ एक्सीलेंस फाॅर डायरेक्ट सैलिंग इन एकेडमिक्स (सीईडीएसए)’ के शुभारम्भ अवसर पर उपस्थित शिक्षाविदों एवं अन्य को सम्बोधित कर रहे थे। प्रदेश के शिक्षा मन्त्री गोविन्द सिंह ठाकुर तथा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मन्त्री राजिन्द्र गर्ग ने शूलिनी विश्वविद्यालय सोलन में नव स्थापित इस ‘सैंटर ऑफ एक्सीलेंस फाॅर डायरेक्ट सैलिंग इन एकेडमिक्स’ का विधिवत शुभारम्भ किया। गोविन्द सिंह ठाकुर शुभारम्भ के अवसर पर वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से जुड़े रहे जबकि राजिन्द्र गर्ग इस अवसर पर विश्वविद्यालय में उपस्थित रहे। ‘सैंटर ऑफ एक्सीलेंस फाॅर डायरेक्ट सैलिंग इन एकेडमिक्स (सीईडीएसए)’ द्वारा इसी वर्ष से डायरेक्ट सैलिंग में पीजी डिप्लोमा करवाया जाएगा। सीईडीएसए विश्व का दूसरा तथा भारत का पहला ऐसा केन्द्र होगा तथा यह केन्द्र डायरेक्ट सैलिंग के क्षेत्र में भारत की स्थिति को सुदृढ़ करने में सहायक बनेगा।
‘सैंटर ऑफ एक्सीलेंस फाॅर डायरेक्ट सैलिंग इन एकेडमिक्स (सीईडीएसए)’ इण्डियन डायरेक्ट सैलिंग ऐसोसिएशन (आईडीएसए) तथा शूलिनी विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आरम्भ किया गया है। शिक्षा मन्त्री ने कहा कि वर्तमान संकटकाल ने हम सभी को शिक्षा तथा आय के ऐसे साधन अपनाने के लिए प्रेरित किया है जो इस समय से पूर्व कम प्रचलन में थे। उन्होंने कहा कि संकट के इस काल ने यह भी समझाया है कि अच्छी आय के लिए हमें तकनीक का बेहतर उपयोग करना होगा। उन्होंने कहा कि इस दिशा में सैंटर ऑफ एक्सीलेंस फाॅर डायरेक्ट सैलिंग इन एकेडमिक्स के माध्यम से नवीन सम्भावनाएं तलाशने में सहायता मिलेगी। वंही,शूलिनी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पीके खोसला ने पाठ्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रदान की। विश्वविद्यालय के उप कुलपति प्रो. अतुल खोसला ने कहा कि इस प्रयास के माध्यम से उद्योग तथा शिक्षा क्षेत्र को एक साथ लाकर रोज़गार के अधिक अवसर सृजित करने में सहायता मिलेगी। इस अवसर पर शूलिनी विश्वविद्यालय के संस्थापक विशाल आनंद, आईडीएसए की अध्यक्ष रिनी सान्याल ने भी अपने विचार रखे। पंजाब सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की अतिरिक्त निदेशक सिमरजोत कौर ने भी इस अवसर पर ऑनलाइन अपने विचार रखे। इस अवसर शूलिनी विश्वविद्यालय की सरोज खोसला, पूनम नंदा, आईडीएसए के उपाध्यक्ष रजत बैनर्जी सहित अनके गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
