सोलन : मुख्यमंत्री 30 नवंबर को सोलन में बांटेंगे आपदा राहत राशि : डॉ. शांडिल

-मेधावी बच्चों को लैपटॉप भी वितरित करेंगे
-स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को जारी किए उचित दिशा-निर्देश
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने आज यहां मुख्यमंत्री के 30 नवंबर के प्रस्तावित प्रवास कार्यक्रम के दृष्टिगत प्रमुख विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता की।
डॉ. शांडिल ने संबंधित अधिकारियों को मुख्यमंत्री के संभावित प्रवास के दृष्टिगत उचित दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर को मुख्यमंत्री अपने प्रस्तावित प्रवास के दौरान सोलन जिला के आपदा प्रभावितों को प्रदेश सरकार द्वारा बढ़ाई गई राहत के अनुरूप चैक वितरित करेंगे तथा सुखाश्रय योजना के लाभार्थी बच्चों को प्रमाणपत्र भी प्रदान करेंगे। वे मेधावी छात्रों को लैपटॉप भी वितरित करेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के सफल प्रवास के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से विभाग वार जानकारी प्राप्त की। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने प्रस्तावित कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
इस अवसर पर जोगिंद्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव राहुल ठाकुर, प्रदेश खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मंडल के सदस्य जतिन साहनी, खंड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष अंकुश सूद, नगर निगम सोलन के पार्षद सरदार सिंह ठाकुर, मनोनीत पार्षद पुनीत नारंग तथा रजत थापा, खंड कांग्रेस समिति के महासचिव कुनाल सूद तथा लोकेंद्र शर्मा, अजय कंवर, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन उप्पल, नगर निगम सोलन की संयुक्त आयुक्त प्रियंका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।