सोलन: ममलीग तहसील के जडोंन पहुंचे सीएम सुक्खू, शोक संतप्त परिजनों को बंधाया ढाढस
( words)

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज सोलन विधानसभा क्षेत्र की ममलीग तहसील के जडोंन गांव का दौरा किया और प्रभावितों को ढाढस बंधाते हुए उन्हें यथोचित सहायता का आश्वासन दिया। जडोंन गांव में बादल फटने के कारण हुए भूस्खलन से आज सात लोगों की दुखद मृत्यु हुई है। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर वस्तुस्थिति का जायज़ा लिया। उन्होंने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि अपनो की क्षति अपूर्णनीय है और मृतक परिवारों के दु:ख को किसी भी प्रकार कम नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि ऐसी दु:खद स्थिति में प्रदेश सरकार प्रभावितों के साथ है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को घर बनाने के लिए उचित सहायता एवं अन्य आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश वर्तमान में गत 50 वर्षों में सबसे बड़ी आपदा झेल रहा है। ऐसे में त्वरित राहत एवं पुनर्वास के साथ-साथ बादल फटने जैसी घटनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि के कारण खोजने आवश्यक हैं ताकि भविष्य में जानो-माल की क्षति को कम किया जा सके।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री एवं स्थानीय विधायक डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल, लोक निर्माण तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा ग्रामवासी उपस्थित थे।
.0.