सोलन : 21 जुलाई से 21 अगस्त तक घर-घर जाकर होगा मतदाता सूचियों का सत्यापन: डीसी
भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लोकसभा और विधानसभा निर्वाचनों के लिए सोलन ज़िला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण करवाया जा रहा है। यह जानकारी ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने दी। मनमोहन शर्मा ने कहा कि भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ज़िला की 50-अर्की, 51-नालागढ़, 52-दून, 53-सोलन (अ.जा.) तथा 54-कसौली (अ.जा.) में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की समय सारिणी जारी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि यह पुनरीक्षण प्रथम जनवरी, 2024 की अहर्ता तिथि के आधार पर किया जाना है।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि 21 जुलाई से 21 अगस्त, 2023 तक बूथ स्तर के अधिकारियों द्वारा पांचों विधानसभा क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाता सूचियों का सत्यापन किया जाएगा। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अनुसार 20 जुलाई तक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों, बूथ स्तर के पर्यवेक्षकों, बूथ स्तर के अधिकारियों को निर्वाचन पंजीकरण नियमों तथा आईटी एप्लीकेशन के प्रयोग के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
