सोलन : अवैध शराब के कारोबारियों पर आबकारी विभाग की दबिश
हिमांशु पंवर उपायुक्त राज्यकर एवं आबकारी सोलन के नेतृत्व में आज जिला सोलन, बिलासपुर व बीबीएन बद्दी के राज्यकर एवं आबकारी अधिकारियों की टीम द्वारा संदिग्ध स्थान, गांव बलेचढ़ी, नजदीक गांव लोहारघाट, तहसील राम शहर, ग्राम पंचायत सौर, जिला सोलन में अवैध शराब के निर्माण के बारे में सूचना मिलने पर तफ्तीश शुरू की गई। तफ्तीश में स्थानीय प्रधान व स्थानीय पुलिस की मदद से संदिग्ध इमारत की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कई प्रकार की ऐसी सामग्री पाई गईं, इससे यह अंदेशा होता है कि इस इमारत में अवैध देसी शराब का विनिर्माण किया जाता है।
जांच के दौरान उक्त इमारत से वीआरवी फूल्स लिमिटेड के संतरा नामक ब्रांड के लेबल, खाली बोतलें, वीआरवी फुड्स लिमिटिड के खाली डब्बे, व ढक्कन, टेप रोल और वीआरवी फूड्स लिमिटेड मार्का फ्लेवरिंग एजेंट, जो कि देसी शराब बनाने में इस्तेमाल होते हैं, बैच पंचिंग मशीन ,होलोग्राम प्लास्टिक ड्रम आदि बरामद किए गए। यह सब सामग्री सामान्य रूप से देसी शराब बनाने में प्रयोग होने का अंदेशा है। इस संदर्भ में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम 2011 की धारा 39,47 व 56 के उलंघन की शिकायत पुलिस थाना राम शहर में दर्ज करवाई गई है। उक्त कार्रवाई राज्य कर एवं आबकारी विभाग एवं पुलिस दल राम शहर थाना द्वारा गवाहों की मौजूदगी में संयुक्त रूप से पूरी की गई।
