सोलन :साई इंटरनेशनल स्कूल में विदेशी छात्रों का भव्य स्वागत, हिमाचली संस्कृति से हुए रूबरू
अंतरराष्ट्रीय छात्र विनिमय कार्यक्रम (International Student Exchange Program) के अंतर्गत नीदरलैंड, तुर्की, स्विट्जरलैंड, ब्राज़ील एवं इटली से आए विदेशी छात्रों ने गुरुवार को साई इंटरनेशनल स्कूल का भ्रमण किया। विद्यालय पहुंचने पर उनका पारंपरिक हिमाचली रीति-रिवाजों के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक संवाद आयोजित किया गया, जिसमें विदेशी छात्रों ने भारतीय संस्कृति, शिक्षा व्यवस्था एवं हिमाचली परंपराओं के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा अपने देशों की संस्कृति एवं जीवनशैली से भी सभी को अवगत कराया।
विद्यालय के चेयरमैन एवं लायंस क्लब सोलन वैली के अध्यक्ष रामिंदर बावा ने विदेशी छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विभिन्न देशों के विद्यार्थियों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, वैश्विक मित्रता एवं आपसी समझ को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम हैं। इस अवसर पर लायंस क्लब सोलन वैली के सचिव लायन डॉ. आर. के. सूद, कोषाध्यक्ष लायन शक्ति अवस्थी तथा जनसंपर्क अधिकारी (PRO) लायन विनीत राय सूद भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विद्यालय की प्रधानाचार्या मीरा गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम विद्यार्थियों को वैश्विक दृष्टिकोण प्रदान करने के साथ-साथ विभिन्न संस्कृतियों का सम्मान करना भी सिखाते हैं।
विद्यार्थियों ने विदेशी मेहमानों के सम्मान में हिमाचल के प्रसिद्ध लोकनृत्य "नाटी" की आकर्षक प्रस्तुति दी। विदेशी छात्र भी नाटी की धुन पर थिरकते नजर आए, जिससे कार्यक्रम का वातावरण उत्साह और उल्लास से भर गया।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ द्वारा विदेशी छात्रों के लिए पारंपरिक हिमाचली व्यंजनों की विशेष व्यवस्था की गई, जिनका उन्होंने भरपूर आनंद लिया तथा हिमाचली आतिथ्य और स्थानीय संस्कृति की मुक्त कंठ से सराहना की।
