सोलन : गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षकों के लिए 'हैप्पी क्लासरूम' कार्यशाला का किया गया आयोजन
गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षकों के लिए 'हैप्पी क्लासरूम' विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में बतौर वक्ता दीपक सिंगी ने शिरकत की, जोकि 'इन्नोवेटर एजुकेटर' के साथ-साथ कई अन्य अवार्ड से भी सम्मानित हैं। इस कार्यशाला के दूसरे वक्ता रवि शर्मा रहे, जिन्हें 'जीवन-कौशल' पर आधारित कार्यशालाओं के लिए जाना जाता हैं। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन तथा सरस्वती वंदना द्वारा की गई। तत्पश्चात विद्यालय के कक्षा नौवीं तथा छात्रावास के विद्यार्थियों द्वारा स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया। इस कार्यशाला में अन्य स्कूल के अध्यापकों ने भी भाग लिया। कार्यशाला के वक्ताओं ने शिक्षण के नए- नए ढंग बताए और कहा कि सर्वप्रथम कक्षा का माहौल खुशनुमा होना चाहिए। अगर बच्चे व शिक्षक खुश हैं तो कक्षा में अच्छे ढंग से पढ़ाया जा सकता है और बच्चे भी बेहतर तरीके से सीख सकते हैं। प्रत्येक पाठ को रचनात्मक ढंग से कराना चाहिए, इसके बारे में बच्चों के विचार पूछने चाहिए। बच्चों के मन में अध्यापकों के प्रति जो डर की भावना है, उसे दूर करना चाहिए तथा बच्चों की प्रत्येक बात को ध्यान से सुनना चाहिए। कार्यशाला के दौरान गतिविधियाँ भी करवाई गईं तथा यह भी बताया गया कि किस प्रकार हम खेल-खेल में बच्चों को पढ़ा सकते हैं तथा उनका मनोरंजन कर सकते हैं।
