सोलन : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डाॅ.सैजल ने सभी किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का किया आग्रह
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने कहा कि कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ करना समय की मांग है और इस दिशा में केन्द्र तथा हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा सत्त प्रयास किए जा रहे हैं। डाॅ.सैजल आज यहां इंडियन फार्मर्ज अलायन्स द्वारा ‘उन्नत किसान उन्नत कृषि’ विषय पर आयोजित एक दिवसीय संगोष्ठी एवं सफल किसान सम्मान समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। डाॅ.सैजल ने कहा कि आज भी कृषि आर्थिकी का मज़बूत स्तम्भ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हमें रासायनिक खेती से प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ना है। अनेक अनुसंधानों ने यह सिद्ध किया है कि रासायनिक खेती मनुष्य सहित अन्य जीव-जन्तुओं एवं उपजाऊ भूमि के लिए हानिकारक सिद्ध हो रही है। इस दिशा में हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक खेती, खुशहाल किसान योजना सभी को राह दिखा रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती अपनाकर जहां सम्पूर्ण सृष्टि के लिए सुरक्षित खाद्यान्न की पैदावार की जा सकती है वहीं कृषि योग्य भूमि को अन्नत काल तक उपजाऊ रखा जा सकता है।
राज्य खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया, बघाट बैंक के अध्यक्ष पवन गुप्ता, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डाॅ. राजेश कश्यप, जिला परिषद सोलन की पूर्व अध्यक्ष शीला, भाजपा मण्डल सोलन के अध्यक्ष मदन ठाकुर, ग्राम पंचायत मशीवर के प्रधान नरेंद्र ठाकुर, ग्राम पंचायत भारती के प्रधान मीना राम, ग्राम पंचायत कोठों के उप प्रधान सुनील ठाकुर, ग्राम पंचायत शामती के पूर्व प्रधान संजीव सूद, डाॅ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वद्यालय नौणी के कुलपति परविन्द्र कौशल, नौणी विश्वविद्यालय में विस्तार शिक्षा के पूर्व निदेशक डाॅ.ओपी शर्मा, आईफा पंजाब के अध्यक्ष सरदार तेजेन्द्र सिंह, प्रगतिशील किसान संगठन सोलन के महासचिव बलदेव ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति तथा किसान इस अवसर पर उपस्थित थे।
