सोलन: कुनिहार पुलिस की कार्रवाई, गश्त के दौरान पकड़ी 1788 बोतल अवैध शराब
बुधवार रात कुनिहार पुलिस को गश्त के दौरान शिव गुफा के पास मुखबिर खास से सूचना मिली कि जाडली से बनिया देवी लिंक रोड़ की तरफ एक सफेद रंग की पिकअप (नंबर HP64D-3036) आ रही है, जिसे यदि रोककर चेक किया जाए तो भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हो सकती है।
गाड़ी आने पर पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया और गाड़ी को सड़क के दाहिने तरफ लगवाया। इसके बाद गाड़ी चालक से उसका नाम व पता पूछा गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम बृजलाल पुत्र हरिचंद, गांव कासल, डाकघर पट्टामहलोग, तहसील कसौली, जिला सोलन बताया। पुलिस द्वारा गाड़ी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गाड़ी की बॉडी से देशी शराब की कुल 1188 बोतलें तथा अंग्रेजी शराब की 600 बोतलें सीलशुदा बरामद हुईं। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर धारा 39(1)(A) हिमाचल प्रदेश एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि डीएसपी सोलन अशोक चौहान ने की है।
