सोलन : नौणी विवि ने 30 सितंबर तक बढ़ाई विभिन्न कार्यक्रमों में आवेदन करने की अंतिम तिथि
डॉ.वाई एस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी में 2021-22 शैक्षणिक सत्र के लिए बागवानी, वानिकी, जैव प्रौद्योगिकी, कृषि व्यवसाय और व्यापार प्रबंधन कार्यक्रमों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितम्बर तक बढ़ा दी है। विश्वविद्यालय में स्नातक, स्नातकोत्तर और डॉक्टरेट कार्यक्रमों के लिए आवेदन करने के इच्छुक छात्र विश्वविद्यालय के एडमिशन पोर्टल पर अपना ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। प्रत्येक कार्यक्रम के लिए विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड की जा सकती है। इस वर्ष, विश्वविद्यालय भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की ICAR AIEEA (UG) 2021 के स्कोर पर बीएससी (ऑनर्स) बागवानी, बीएससी (ऑनर्स) वानिकी और बीटेक जैव प्रौद्योगिकी की सामान्य सीटों में एडमिशन देगा। एमएससी, एमबीए (कृषि व्यवसाय) और पीएचडी की सामान्य और स्व-वित्तपोषित सीटें पर प्रवेश क्रमशः ICAR AIEEA (PG) और AICE-JRF/SRF में प्राप्त अंकों के आधार पर होगा।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रशांत सरकेक ने बताया कि जिन छात्रों ने इस महीने की शुरुआत में आयोजित स्नातक और स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में दाखिलों के लिए आईसीएआर परीक्षा दी है और विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने के इच्छुक हैं, ऐसे छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन भरना होगा। उन्होंने बताया कि वह उम्मीदवार जो आईसीएआर परीक्षा नहीं दे पाए हैं वह भी स्नातक कार्यक्रमों की स्व-वित्तपोषित सीटों के लिए आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर बीएससी और बी टेक जैव प्रौद्योगिकी कार्यक्रमों की स्व-वित्तपोषित सीटों पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। कुलसचिव ने कहा कि विश्वविद्यालय में ऑनलाइन आवेदन पत्र और ऑनलाइन भुगतान रसीद जमा करने में विफल रहने वाले उम्मीदवार विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए पात्र नहीं होंगे। आईसीएआर परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विश्वविद्यालय द्वारा वेबसाइट पर ऑनलाइन काउंसलिंग के कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी। ऑनलाइन मोड के अलावा अन्य किसी भी प्रकार का आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
