सोलन: अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ जिला सोलन ने राहत कोष में दिए एक लाख

अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ जिला सोलन ने मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में 1 लाख रुपये का चेक भेंट किया है। महासंघ की नवगठित जिला कार्यकारिणी ने अध्यक्ष मंदीप ठाकुर की अध्यक्षता में स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. धनी राम शांडिल से मुलाकत की। सोलन व कंडाघाट ब्लॉक के सहयोग से अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने मंत्री को मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में 1 लाख रुपये का चेक भेंट किया, इस आपदा के समय में ऐसे पुनीत कार्य के लिए मंत्री ने अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ सोलन का आभार व्यक्त किया।
ज़िलाध्यक्ष मंदीप ठाकुर ने स्वास्थ्य मंत्री को अवगत करवाया कि अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने पूरे हिमाचल में ब्लॉक स्तर, जिला स्तर व प्रदेश स्तरीय चुनाव शांतिपूर्ण व संवैधानिक तरीके से संपन्न करवाए हैं और हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने प्रदीप ठाकुर को सर्वसम्मति से प्रदेशाध्यक्ष चुना है, साथ ही महासंघ को मान्यता बारे मंत्री से आग्रह किया। वहीं मंत्री ने आश्वासन दिया कि वह महासंघ की मान्यता बारे मुख्यमंत्री से बात करेंगे और महासंघ के साथ जल्द ही संयुक्त समन्वय समिति की बैठक बुलाने का आग्रह भी करेंगे।
इस अवसर पर कर्मचारी महासंघ की प्रदेश कार्यकारणी के मुख्य सलाहकार शमशेर ठाकुर, उपाध्यक्ष रवि कांत, अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष देश राज ठाकुर, महामंत्री हरचरण सिंह, कोषाध्यक्ष मोहन राठौर, महिला उपाध्यक्ष वंदना शर्मा, उपाध्यक्ष ईश्वर सिंह, ब्लॉक सोलन के अध्यक्ष करमजीत सिंह, ब्लॉक कांडघाट के अध्यक्ष सतीश शर्मा, ब्लॉक धर्मपुर की अध्यक्षा अंजना राणा, ब्लॉक अर्की के अध्यक्ष ओम प्रकाश, ब्लॉक कांडघाट के महासचिव विनोद कुमार और उनकी कार्यकारणी के अन्य पदाधिकारी व विभागीय एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद थे।