सोलन : कोरम पूरा न होने के चलते नगर परिषद परवाणू की बैठक स्थगित
कार्यकारी अधिकारी द्वारा शुक्रवार को बुलाई गई हाउस की बैठक कोरम पूरा न होने के चलते स्थगित करनी पड़ी। इस बैठक में परवाणू के विकास कार्यो से संबंधित एजेंडे पर चर्चा होनी थी। बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष निशा शर्मा व उपाध्यक्ष सोनिया शर्मा ही उपस्थित रहे, जबकि शेष निर्वाचित 7 पार्षद बैठक से नदारद रहे।
गौरतलब है की गत 12 जनवरी को नगर परिषद परवाणू के पार्षद ठाकुर दास शर्मा, लखविंदर सिंह, किरण चौहान, चंद्रावती देवी, रणजीत ठाकुर व मोनिशा शर्मा ने नगर परिषद परवाणू की अध्यक्ष निशा शर्मा व सोनिया शर्मा की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट होकर डीसी सोलन को अविश्वास प्रस्ताव सौंपा था।
उधर, इस बारे परवाणू कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र गर्ग का कहना है कि नाराज चल रहे पार्षदों से दो बार बैठक की गई है। उनसे शहर के विकास के लिए साथ आने का आग्रह किया गया है और मनमुटाव खत्म करने की बात की है।
वहीँ, अविश्वास प्रस्ताव को लीड कर रहे पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष ठाकुर दास शर्मा का कहना है कि विकास कार्य में हर पार्षद सहयोग कर रहा है। पिछले दिनों असंतुष्ट चल रहे पार्षदों ने ही नप कार्यालय जाकर टेंडर ओपन किए थे, ताकि शहर में विकास कार्य शुरू हो सकें। परवाणू कांग्रेस अध्यक्ष के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि इतने बड़े पद पर रहते हुए उन्हें झूठ नहीं बोलना चाहिए।
