सोलन पुलिस ने कनाडा का वीजा लगवाने वाले फर्जी कॉल सेंटर का किया भंडाफोड़
-पंजाब के तीन व्यक्ति गिरफ्तार, 7 मोबाइल फोन व 2 लैपटॉप जब्त
सोलन पुलिस ने कनाडा का वीजा लगाने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस को इस सेंटर की संदिग्ध गतिविधियों की गुप्त सूत्रों से सचूना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने 27 अक्तूबर को धर्मपुर अस्पताल रोड पर अवैध रूप से चलाए जा रहे इस कॉल सेंटर में रेड डाली। यहां एक बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल में एमएस/ स्टोन इंटरप्राइज प्रोप. गुरप्रीत सिंह निवासी बंठिडा, पंजाब के नाम पर थ्री रूम सेट 14 जून से किराये पर ले रखा था।
कॉल सेंटर में 3 लड़के मौजूद थे, जोकि बठिंडा के रहने वाले हैं। तीनों से थ्री रूम सेट किराये पर लेकर काम करने बारे पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वे तीनों कनाडा जाने के इच्छुक लोगों का वीजा लगाने का काम करते हैं। इसके लिए उन्होंने 7 मोबाइल फोन व 2 लैपटॉप रखे हैं तथा इस काम के लिए 4 स्थानीय लड़कियों को भी रखा हुआ है। इस कार्य के लिए सरकार द्वारा कोई रजिस्ट्रेशन नहीं करवाई है। वहीं, पुलिस द्वारा 7 मोबाइलों व 2 लैपटॉप को कब्जे में ले लिया गया है। अभी तक की जांच में पाया गया कि इन आरोपियों ने हजारों लोगों से संपर्क स्थापित किया और इनके पास से बरामद की गई पांच नोटबुक्स में 600 से ज़्यादा लोग ऐसे पाये गये, जिनसे करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने तीनों व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
