सोलन : भारत को आईटी में शिखर पर पहुंचाने में राजीव गांधी की भूमिका सर्वोपरि : डॉ. शांडिल
( words)
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और समावेशी विकास के लिए सभी स्तरों पर आतंकवाद का विरोध किया जाना चाहिए। डॉ. शांडिल आज देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर सोलन जिला के चायल में आतंकवाद विरोधी दिवस कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।
इसके उपरांत डॉ. शांडिल ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर स्व. राजीव गांधी की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद की विनाशकारी प्रकृति के बारे में जागरुकता बढ़ाने और सद्भाव, भाईचारे, शांति, एकता और मानवता की विशेषता वाले समाज को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देश में स्व. प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर आतंकवाद विरोधी दिवस आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य देश के भीतर सभी प्रकार की आतंकवादी गतिविधियों का दृढ़ता से विरोध और निंदा करना है। आतंकवाद की प्रदूषित सोच के कारण देश ने एक युवा और प्रभावशाली प्रधानमंत्री को खो दिया।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी दूरदर्शी सोच और ऊर्जावान नेतृत्व के धनी थे। राजीव गांधी को देश में सूचना प्रौद्योगिकी का जनक कहा जाता है। उनके अथक प्रयासों से ही आज देश सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उच्च शिखर को प्राप्त कर पाया है।
डॉ. शांडिल ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों को सुरक्षित रखने और उन्हें सशक्त बनाने में स्व. राजीव गांधी की दूरगामी सोच महत्वपूर्ण सिद्ध हुई। उन्होंने कहा कि आज हमारा देश जिस सकारात्मक परिवर्तन के साथ आगे बढ़ रखा है उसकी नींव स्व. राजीव गांधी ने ही रखी थीं। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने लोकतंत्र में देश के युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए मतदान की आयु को 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष किया था। उनकी इस सोच और निर्णय ने युवाओं को देश का जागरूक मतदाता बनाया। उन्होंने कहा कि आज के दिवस को सद्भावना दिवस के रूप में भी आयोजित किया जाता है। युवाओं को यह स्मरण रखना होगा कि आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ ही देश को विकास के मार्ग पर प्रशस्त किया जा सकता है।
प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव रमेश ठाकुर, खंड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, जिला युवा कांग्रेस समिति के उपाध्यक्ष दीप वर्मा, ग्राम पंचायत नगाली के प्रधान कौशल्य शर्मा, ग्राम पंचायत सकोडी के उप प्रधान राजेंद्र, ग्राम पंचायत बंाजनी के उप प्रधान राधा कृष्ण, पूर्व बीडीसी कंडाघाट के अध्यक्ष मदन ठाकुर, ग्राम पंचायत बांजनी के पूर्व प्रधान प्रेम कश्यप, ग्राम पंचायत झाजा के पूर्व प्रधान सुरेंद्र, खंड कांग्रेस समिति के महासचिव मनीष शर्मा, जिला कांग्रेस समिति के सचिव हेमराज, खंड कांगे्रस समिति के उपाध्यक्ष इंद्रपाल, खण्ड कांग्रेस सोलन के उपाध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर, सचिव मोहित ठाकुर, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
