सोलन : 1 सितम्बर से 10 सितम्बर तक किया जाएगा सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण
भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सोलन जिला में 1 सितम्बर से 10 सितम्बर तक बूथ स्तर के प्रत्येक अधिकारी द्वारा अपने-अपने मतदान केन्द्र के अन्तर्गत घर-घर जाकर मतदाताओं की जांच व सत्यापन का कार्य किया जाएगा। यह जानकारी आज यहां इस सम्बन्ध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हरी ने दी। कृतिका कुल्हरी ने कहा कि 1 जनवरी 2022 को आधार तिथि मानते हुए फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य 1 सितम्बर से आरम्भ होगा। उन्होंने कहा कि 10 सितम्बर तक कार्यान्वित किए जाने वाले इस अभियान में पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूचियों में जोड़ने के सम्बन्ध में दावे एवं आक्षेप प्राप्त किए जाएंगे।
कृतिका कुल्हरी ने कहा कि भारत के निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के कार्य का डिजटीकरण करने के लिए ‘गरूड़ ऐप’ आरम्भ की है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर के अधिकारी गरूड़ ऐप के माध्यम से प्रारूप-6, 7 तथा 8 भरकर उसका क्षेत्रीय सत्यापन भी कर सकेंगे। बैठक में अवगत करवाया गया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 27 अगस्त को सोलन जिला के सभी 5 विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों का प्रारूप प्रकाशित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में प्राप्त आक्षेपों एवं प्रस्तावनाओं का 1 सितम्बर तक निपटारा करने के उपरान्त प्रस्तावनाओं को 15 सितम्बर तक प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में प्रेषित किया जाना है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के चन्द्रकान्त शर्मा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के शिवदत्त ठाकुर, पूनम शर्मा, भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के अनूप पराशर, तहसीलदार निर्वाचन राजेन्द्र शर्मा, नायब तहसीलदार महेन्द्र ठाकुर एवं दीवान चंद ठाकुर उपस्थित थे।
