सोलन : दिग्गल महाविद्यालय में वोट के महत्व को लेकर भाषण प्रतियोगिता हुई आयोजित
सोलन जिला के 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में 30 अक्तूबर को आयोजित होने वाले उप निर्वाचन में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित बनाने के उद्देश्य से क्षेत्र के गांव-गांव में सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) आयोजित किए जा रहे हैं। यह जानकारी स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी शिव कुमार ने दी। शिव कुमार ने कहा कि स्वीप के तहत आज अर्की विधानसभा क्षेत्र के बातल घाटी, डूमैहर, लादी, बढलग तथा जाबल में जागरूकता वाहन के माध्यम से लोगों को वोट के महत्व के बारे में बताया गया। उन्होंने कहा कि लोगों को अवगत करवाया गया कि स्वस्थ लोकतन्त्र के लिए पूर्ण जनसहभागिता आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि जागरूकता कार्यक्रम के अन्तर्गत लोगों से आग्रह किया गया कि सभी मतदान अवश्य करें ताकि विकास में जन-जन की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। शिव कुमार ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय दिग्गल में ‘लोकतन्त्र में मतदान का मतलब’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। छात्रों ने भाषण के माध्यम से अन्य छात्रों को एक-एक वोट के महत्व महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की। इस दौरान हस्ताक्षर अभियान भी कार्यान्वित किया गया जिसमें छात्रों ने काफी रूचि दिखाई।
इस मौके पर लोगों से आग्रह किया गया कि सभी कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए नियमों का पालन करें। लोगों से आग्रह किया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर नाक से ठोडी तक ढकते हुए मास्क पहनें, सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें और बार-बार अपने हाथ साबून अथवा एल्कोहल युक्त सेनिटाईजर से साफ करते रहें। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य जसवंत, स्वीप टीम के पुनीत ठाकुर तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित थीं।
