सोलन : साई इंटरनेशनल स्कूल में स्वच्छ और हरित पृथ्वी बनाने का लिया संकल्प
विश्व पर्यावरण दिवस हर साल 5 जून को लोगों को प्रकृति के महत्व के बारे में याद दिलाने के लिए मनाया जाता है। पर्यावरण के लिए सामान्य जागरूकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से साई इंटरनेशनल स्कूल के शिक्षार्थियों ने स्कूल परिसर में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया।
इसके लिए छात्र-छात्राओं ने तरह-तरह के पौधे लाए और उन्हें सुंदर गमलों में लगाया और बड़े उत्साह से उनमें पानी डाला। बच्चों ने वेस्ट मटेरियल से बर्ड हाउस भी बनाए। छात्रों ने पर्यावरण को बचाने की पहल करने और एक स्वच्छ और हरित पृथ्वी के लिए अपना काम करने की शपथ ली। लोगों में पर्यावरण जागरूकता को जगाने के लिए संयुक्त राष्ट्र द्वारा संचालित विश्व पर्यावरण दिवस दुनिया का सबसे बड़ा वार्षिक आयोजन है। इसका मुख्य उद्देश्य हमारी प्रकृति की रक्षा के लिए जागरूकता बढ़ाना और दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे विभिन्न पर्यावरणीय मुद्दों को देखना है।
