सोलन : सरकार हिमाचल को विकास के सर्वोच्च शिखर पर पहुंचाने के लिए प्रत्यनशील : अवस्थी

मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन संपर्क विभाग) संजय अवस्थी ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार नई सोच और नई ऊर्जा के साथ हिमाचल प्रदेश को विकास के सर्वोच्च शिखर पर स्थापित करने के लिए सतत कार्यशील है। संजय अवस्थी गत दिवस अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मांगू में नवयुवक जनसुधार सभा मांगू तथा कुरगण लेंड लूजर सोसायटी द्वारा आयोजित देव जातर में सम्मिलित होने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने इस अवसर पर कुरगण प्रकाश (मंडोढ) देवता के जन्मोत्सव पर सभी को बधाई दी। उन्होंने देव जातर में उपस्थित मंडोढ देवता दाड़ला-डवारू, कराड़ा, कोलका एवं मांगू के समक्ष शीश नवाया और समूचे क्षेत्र एवं प्रदेशवासियों की समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना की।
संजय अवस्थी ने इस अवसर पर सभी से आग्रह किया कि अपनी देव परम्पराओं के विषय में युवा पीढ़ी को अवगत करवाएं ताकि भावी पीढ़ियां देव संस्कृति से सदैव जुड़ी रहें। उन्होंने युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने और युवाओं की असीमित ऊर्जा को सकारात्मक कार्य में लगाने का आह्वान भी किया।
मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन के माध्यम से प्रदेशवासियों को सुशासन प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने पहले ही बजट में 13 नई योजनाएं शुरू करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि यह योजनाएं जहां विकास के मार्ग को प्रशस्त करेंगी वहीं लक्षित वर्गों को समयबद्ध लाभ प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि वायदे के अनुरूप पहले वर्ष में ही प्रदेश सरकार ने सरकारी व गैर सरकारी क्षेत्र में 90 हजार रोज़गार के अवसर सृजित करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। हिमाचल प्रदेश को हरित राज्य बनाने की दिशा में कार्य शुरू कर दिया गया है।
इस अवसर पर खण्ड कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, कांग्रेस सेवा दल के ज़िला अध्यक्ष संजय ठाकुर, कुरगण लेंड लूजर सोसायटी के अध्यक्ष रत्न भट्टी, पंचायत समिति सदस्य राजेन्द्र भट्टी, प्रधान ग्राम पंचायत मांगू बलदेव राज, पूर्व पंचायत समिति की अध्यक्ष नीलम रघुवंशी, उप प्रधान ग्राम पंचायत मांगू राजेश पुरी, स्थानीय निवासी मेहर सिंह वर्मा एवं संत राम वर्मा सहित अन्य ग्रामीण, देव समाज से जुड़े व्यक्ति, उपमण्डलाधिकारी अर्की केशव राम, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियन्ता रवि कपूर, अन्य विभागों के अधिकारी, लेंड लूजर सोसाइटी तथा नवयुवक जनसुधार सभा मांगे के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।